बच्चों की प्रतिभा को मंच देना जरूरी - देवेश निषाद
सेवा संकल्प अभियान तहत 42 संकुलों के 168 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
पिथौरा। विकासखंड स्तरीय ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सांस्कृतिक भवन पिथौरा में ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों से जुड़े 42 संकुलों के कुल 168 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर प्रभावी ढंग से अपने विचार रखे, वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में रंगों और कल्पनाशीलता के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। आयोजन को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत पिथौरा अध्यक्ष देवेश निषाद रहे। अध्यक्षता नगर पंचायत उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी ने की। सांसद प्रतिनिधि मनमीत छाबड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद बीएल देवांगन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मी डड़सेना, बीआरसी नरेश पटेल, सहायक नोडल अधिकारी आरके नायक सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे
नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नही है, जरूरत उन्हें उचित मंच देने की है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। नगर पंचायत उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी ने कहा कि शिक्षा के साथ रचनात्मक गतिविधियां भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। सांसद प्रतिनिधि मनमीत छाबड़ा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और विचारों को सामने रखने का अवसर मिल रहा है
भाषण प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में वेदांत विशाल ने प्रथम, गजानंद साहू ने द्वितीय एवं किरण नायक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पूर्व माध्यमिक वर्ग में पलक अग्रवाल प्रथम, खिरोदिनी पटेल द्वितीय एवं चेतन्या ठाकुर तृतीय रहीं। इसी प्रकार ड्राइंग प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में स्नेहा बारीक ने प्रथम, श्रिया रानी देवता ने द्वितीय एवं गगन नायक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पूर्व माध्यमिक वर्ग में संजना पटेल प्रथम, देविका निषाद द्वितीय एवं किशन पटेल तृतीय स्थान पर रहे। विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों एवं अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया
कार्यक्रम को सफल बनाने में सहायक नोडल अधिकारी रामकुमार नायक, संकुल समन्वयक खगेश्वर डड़सेना, विक्रम वर्मा, शिशुपाल प्रधान, लखन कुर्रे, अशोक पटेल, मनोज बरिहा, हेमसागर बगरती सहित सभी संकुल समन्वयकों का विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन में विवेक वर्मा, अमर सिंह पटेल, विजयलक्ष्मी पटेल, नरेश नायक, झनेश साहू, डीगम साहू, गुणसागर प्रधान एवं अक्षय साहू ने निर्णायक की भूमिका निभाई। स्काउट गाइड प्रभारी विजय सिन्हा, रेडक्रॉस के विद्यार्थियों एवं प्रभारी दिनेश साहू ने भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया
समस्त कार्यक्रम का संचालन राजाराम पटेल, उत्तम साहू एवं लखन कुर्रे ने किया। समापन अवसर पर सहायक नोडल अधिकारी रामकुमार नायक ने अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकों, संकुल समन्वयकों, विद्यार्थियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल प्रदर्शित करने के लिए प्रभावी मंच प्रदान किया। 42 संकुलों से 168 विद्यार्थियों की सहभागिता से आयोजन उत्साहपूर्ण एवं सफल रहा।
