धान खरीदी में कमीशन और प्रोत्साहन राशि के गलत आहरण का आरोप, जांच की मांग

 धान खरीदी में कमीशन और प्रोत्साहन राशि के गलत आहरण का आरोप, जांच की मांग

कसडोल । जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रामप्रसाद वर्मा ने सहकारिता विभाग के आयुक्त को पत्र सौंपकर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में धान खरीदी से संबंधित राशि के आहरण को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं

आवेदन में वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की धान खरीदी के एवज में समितियों को प्राप्त होने वाले 25 प्रतिशत से अधिक कमीशन तथा प्रोत्साहन राशि के कथित गलत आहरण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।

रामप्रसाद वर्मा ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि कुछ समितियों में विभिन्न प्रकार के खर्च दर्शाकर राशि का आहरण किया गया है। उनका कहना है कि जिन वस्तुओं की खरीदी अथवा सेवाओं पर GST बिल अनिवार्य है, वहां बिना वैध GST बिल के राशि का आहरण किया जाना नियमों का उल्लंघन है।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि सहकारिता विभाग द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में ऑडिटर एवं सहकारिता निरीक्षकों की नियुक्ति की गई है, जिनकी जिम्मेदारी समितियों के कार्यों और लेखा-जोखा का ऑडिट करना है। आरोप है कि ऑडिट के दौरान GST बिल से संबंधित बिल-वाउचर में कथित अनियमितताओं पर उचित आपत्ति दर्ज नहीं की गई।

कांग्रेस नेता ने इसे शासन को राजस्व की संभावित क्षति बताते हुए बिना वैध GST बिल वाले बिल-वाउचर के आधार पर राशि के आहरण पर तत्काल रोक लगाने तथा पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।

उन्होंने सहकारिता आयुक्त से मामले में आवश्यक कार्रवाई कर संबंधित समितियों के वित्तीय लेन-देन की जांच कराने का आग्रह किया है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने