चित्रकला कार्यशाला में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
ठाकुरदिया कला, पिथौरा।शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला ठाकुरदिया कला में 8 सितंबर को विद्यार्थियों में रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चित्रकला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन मातृकला निकेतन की डायरेक्टर एवं संस्थापिका तथा पीडीलाईट कंपनी की विशेषज्ञ श्रीमती अमृता श्रीवास्तव के कुशल मार्गदर्शन में किया गया
कार्यशाला में कक्षा 6वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रीमती अमृता श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को ड्राइंग शीट एवं विभिन्न रंगों के माध्यम से गणेश चित्रकारी, चिड़ियों में रंग भरना, बस्तर की मुरिया कला पर आधारित प्लेट सज्जा तथा फाइन आर्ट पेपर क्राफ्ट बनाना सिखाया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न कलाकृतियां तैयार कीं और अपनी छिपी हुई प्रतिभा एवं रचनात्मक कौशल का प्रदर्शन किया
कार्यशाला के समापन अवसर पर उत्कृष्ट चित्रकारी करने वाले पांच विद्यार्थियों फलेंद्र दीवान, साक्षी दीवान, मेनका दीवान, रश्मि दीवान एवं एकता ठाकुर को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रभारी प्रधान पाठक मुकेश कुमार सिन्हा, वरिष्ठ शिक्षक छबि राम पटेल (सेवानिवृत्त राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त) मोहित राम पटेल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यशाला से विद्यार्थियों में कला के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ा


