शिक्षक दिवस पर शिक्षकों ने खोला मोर्चा, बोले - सुप्रीम कोर्ट और NCTE के नियम से हो पदोन्नति, मंत्री ने दिया आश्वासन
रायपुर/नवा रायपुर, दिनांक 06.09.2026। शिक्षक दिवस के दिन ही छत्तीसगढ़ के हजारों शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ छत्तीसगढ़ के बैनर तले 05 सितंबर को हजारों शिक्षकों ने नवा रायपुर के तूता मैदान में TET आधारित पदोन्नति जल्द पूरा करने की मांग को लेकर न्याय सत्याग्रह किया
शिक्षकों का कहना है कि भारत के सर्वोच्च न्यायालय, NCTE एवं छत्तीसगढ़ शासन के राजपत्र में प्रकाशित नियमों के अनुसार TET आधारित पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पदोन्नति के लिए DPI द्वारा तीन बार डेडलाइन जारी की गई थी, जिसमें अंतिम डेडलाइन 15 अगस्त 2026 तक पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण करने की थी। परंतु आज दिनांक तक पदोन्नति पूरी नहीं हो पाई है। स्थिति यह है कि कुछ संभागों में तो अंतिम वरिष्ठता सूची तक जारी नहीं हो पाई है। अधिकारियों की इस उदासीनता और कछुआ चाल के कारण शिक्षकों में भारी आक्रोश है, जो कल तूता मैदान में देखने को मिला
अपनी जायज मांगों को लेकर हजारों शिक्षकों ने माननीय शिक्षा मंत्री के निवास का घेराव करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोक दिया
बाद में पदोन्नति की मांग पर चर्चा के दौरान माननीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं है। इसके लिए मंत्री जी ने स्वयं *सोमवार को DPI को जल्द पदोन्नति के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया।* इस आश्वासन के बाद ही हजारों शिक्षकों ने अपना न्याय सत्याग्रह स्थगित किया
इस सत्याग्रह में महासमुंद जिले के जिला संयोजक सहित पांचों ब्लॉकों के ब्लॉक संयोजक और सैकड़ों टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक भी शामिल हुए
