महासमुंद में निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित 16 मरीजों की हुई कैंसर स्क्रीनिंग एवं विभिन्न जांचें
महासमुंद, 05 अक्टूबर 2026/ सेवा सेतु अभियान अंतर्गत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय महासमुंद एवं बालको मेडिकल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में 05 अक्टूबर 2026 को निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ प्रारंभिक स्तर पर कैंसर की पहचान एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराना था
शिविर का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. कुशवाहा तथा संयुक्त संचालक सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. बसंत माहेश्वरी के निर्देशन में किया गया। वहीं डीपीएम श्रीमती नीलू घृतलहरे एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. आलोक कुमार देवांगन (रेडियोथेरेपी) के मार्गदर्शन तथा जिला नोडल अधिकारी एनसीडी डॉ. शकुंतला बरिहा एवं अस्पताल सलाहकार डॉ. निखिल गिरी गोस्वामी के सहयोग से शिविर को संचालित किया गया
शिविर के दौरान कुल 16 मरीजों की कैंसर स्क्रीनिंग एवं जांच की गई। इनमें स्तन कैंसर के 04, मुख कैंसर एवं अन्य कैंसर के 02 मामलों की स्क्रीनिंग की गई। इसके साथ ही डेमोग्राफी की 04 तथा पैप स्मियर की 02 जांचें भी की गईं। मरीजों को कैंसर से बचाव, प्रारंभिक लक्षण, समय पर जांच तथा उपचार के संबंध में आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया। शिविर में डॉ. हेमलता सिंह (बीएमसी), डॉ. कल्पना गोयल (आरएमओ, बीएमसी), डॉ. आकांक्षा सहित बालको मेडिकल सेंटर, कैंसर विभाग, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय महासमुंद एवं एनसीडी क्लीनिक के समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा
स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि कैंसर के संभावित लक्षणों को नजरअंदाज न करें तथा समय पर जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श लेकर बीमारी की प्रारंभिक अवस्था में पहचान सुनिश्चित करें। नियमित स्क्रीनिंग और समय पर उपचार से कैंसर के गंभीर प्रभावों को कम करने में मदद मिल सकती है
सेवा संकल्प अभियान के तहत 06 अक्टूबर को रंगोली राष्ट्र/भारत मंडला का किया जाएगा निर्माण
महाविद्यालय स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों का होगा सम्मान
महासमुंद, 05 अक्टूबर 2026/ शासन के निर्देशानुसार जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत विभिन्न रचनात्मक एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 06 अक्टूबर 2026 को जिले में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद में विशाल रंगोली राष्ट्र/भारत मंडला 76×76 का निर्माण किया जाएगा
इस अवसर पर महासमुंद जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में महाविद्यालयीन स्तर पर आयोजित रंगोली राष्ट्र प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रभावना, एकता एवं देशभक्ति की भावना को अभिव्यक्त करते हुए आकर्षक रंगोलियों का निर्माण किया गया है। नोडल अधिकारी द्वारा विशाल रंगोली राष्ट्र/भारत मंडला निर्माण के लिए संबंधित प्राचार्याें को आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए हैं
राज्य स्तरीय रोजगार मेला 7 एवं 8 अक्टूबर को
12566 विभिन्न पदों पर भर्ती का सुनहरा अवसर
महासमुंद 05 अक्टूबर 2026/ कौशल विकास तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा 07 एवं 08 अक्टूबर 2026 को सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ातालाब रायपुर में राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। 08 अक्टूबर को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा विभिन्न रोजगार मेले, संस्थागत प्लेसमेंट कैम्पों एव कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर वितरित किया जाना प्रस्तावित है। राज्यस्तरीय रोजगार मेले के लिए विभिन्न कम्पनियों एवं प्लेसमेंट संस्थओं से 93 नियोजकों के माध्यम से कुल 12566 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हुई है। सभी भर्तियां ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध है
मेले में मशीन ऑपरेटर, इलेक्ट्रीशियन, मैकेनिकल इंजीनियर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर, नर्सिंग स्टाफ, सुरक्षा गार्ड, डिलिवरी बाॅय सहित विभिन्न पदों पर योग्यता 10वीं, 12वीं, आईटीआई डिप्लोमा इंजीनियरिंग (बीई/बीटेक), कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक एवं स्नातकोत्तर (एमबीए, एमसीए) पास अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। राज्य स्तरीय रोजगार मेला में पंजीयन हेतु ई-रोजगार पोर्टल के लिंक https://erojgar-cg-gov-in/LandingSite/hi/home aspx पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र- महासमुंद की दूरभाष क्रमांक 07723-299025 पर सम्पर्क कर सकते है।
