कसडोल: बार नवापारा में हाथियों का डेरा, 28 हाथियों के झुंड ने किया खेतों में नुकसान
कसडोल: बार नवापारा अभयारण्य में 28 हाथियों का उत्पात
कसडोल। बलौदाबाजार जिले के कसडोल विकासखंड अंतर्गत बार नवापारा अभयारण्य के रामपुर बीट क्रमांक 127 में बीती रात जंगली हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। करीब 28 हाथियों का दल झुंड के साथ रिहायशी इलाके में घुस आया और एक किसान की झटका मशीन को तोड़-फोड़ कर फसलों को रौंद दिया
जानकारी के अनुसार हाथियों का यह दल रात करीब 8 बजे से लेकर देर रात 2 बजे तक वहीं डटा रहा। करीब 6 घंटे तक हाथियों ने इलाके में डेरा जमाए रखा, जिससे किसानों और ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से लगातार इसी क्षेत्र में हाथियों का दल डेरा जमाए हुए है
हाथियों ने खेतों में खड़ी फसलों को पैरों तले रौंद कर भारी नुकसान पहुंचाया है। किसान द्वारा जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए खेत में लगाई गई झटका मशीन को भी तोड़ दिया गया है
सूचना मिलते ही वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पूरी रात गश्त करते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाई और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद देर रात हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने में सफलता पाई
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात के समय खेतों की ओर न जाएं और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें
