भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा महासमुंद की प्रबंध समिति की बैठक सम्पन्न

 भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा महासमुंद की प्रबंध समिति की बैठक सम्पन्न

महासमुंद, 29 अगस्त 2026/ भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा महासमुंद की प्रबंध समिति की बैठक कलेक्टर एवं पदेन अध्यक्ष श्री विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में रेडक्रॉस की सेवा गतिविधियों, आय के स्रोतों, सदस्यता विस्तार, ब्लड बैंक, जन औषधि केंद्र तथा भवन एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, श्री संदीप दीवान सभापति, श्री भूपेन्द्र राठौर उपाध्यक्ष, डॉ. आई. नागेश्वर राव सचिव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. अशोक गिरि गोस्वामी जिला रेडक्रॉस अधिकारी एवं राज्य प्रतिनिधि, कोषाध्यक्ष श्री पारस चोपड़ा, श्री महेन्द्र कुमार श्रीश्रीमाल संरक्षक सदस्य, अनिता रावटे पूर्व सभापति, डॉ. एम. वॉय मेमन, श्री दाऊलाल चंद्राकर पूर्व उपसभापति, श्री मनीष शर्मा, श्री संजय शर्मा, सती साहू, श्री प्रमोद तिवारी, श्री प्रेम चन्द्राकर, श्री अरशी अनवर, श्री एच.आर. बघेल, श्री यशवंत चौधरी, श्री हीरा बंजारे, श्री राजेश्वर खरे तथा श्री विश्वनाथ पाणिग्रही सहित प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


बैठक में रेडक्रॉस सदस्यता सूची को अद्यतन करने एवं सदस्यता के लिए क्यूआर कोड विकसित करने का निर्णय लिया गया। जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के लिए समिति गठित की गई तथा बिना अनुमति रक्तदान शिविर आयोजित करने वालों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रेडक्रॉस भवन की मरम्मत कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण कराने तथा इसके बाद प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत सोलर सिस्टम स्थापित करने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। भवन परिसर में मीटिंग हॉल, बाउंड्रीवॉल एवं गेट निर्माण के लिए भी आवश्यक कार्यवाही एवं राशि जारी करने पर सहमति बनी।


बैठक में सदस्यता विस्तार के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने, प्रत्येक विकासखंड में अधिकृत प्रतिनिधि नियुक्त करने तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से प्राप्त रेडक्रॉस शुल्क का ऑडिट कराने का निर्णय लिया गया। रेडक्रॉस की आय बढ़ाने के लिए उद्योगों, खनिज संस्थानों, दवा दुकानों एवं निजी अस्पतालों को सदस्यता से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। जन औषधि केंद्र में सहायक स्टाफ रखने, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में जन औषधि केंद्र स्थापित करने तथा नशामुक्ति अभियान को विशेष प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही रेडक्रॉस की गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक तैयार करने, कार्यालय में इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने, कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि तथा वर्ष 2026-27 के बजट को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने