हर स्कूल तक पहुँचेगा अंगदान का संदेश, मारवाड़ी युवा मंच सांकरा का महाअभियान जारी
सांकरा। 'कोई भी मरीज अंगों के अभाव में जिंदगी की जंग न हारे', इसी संकल्प के साथ मारवाड़ी युवा मंच सांकरा का अंगदान जागरूकता महाअभियान लगातार जारी है। मंच की टीम अब हर स्थानीय विद्यालय में जाकर नई पीढ़ी को इस महादान के प्रति संकल्पित कर रही है। इसी क्रम में सरस्वती शिशु मंदिर सांकरा में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया
हमें यह बताते हुए अत्यंत हर्ष हो रहा है कि अपनी बेहतरीन कलात्मक सोच के लिए कक्षा 8वीं के केदारनाथ पटेल ने 'बेस्ट पोस्टर' का खिताब अपने नाम किया। वहीं अपनी वैचारिक गहराई और सुंदर शब्दों के दम पर कक्षा 8वीं के छात्र दिनेश और कक्षा 7वीं की छात्रा सलोनी सिदार ने 'बेस्ट स्लोगन' का पुरस्कार जीता
कार्यक्रम में मंच के अध्यक्ष शुभम सिंघल ने विद्यार्थियों को इस अभियान की गंभीरता समझाते हुए भविष्य में अंगदान के ब्रांड एंबेसडर बनने की अपील की
मंच के सचिव सोनू गोयल ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि 'अंगदान ही महादान है', जो मृत्यु के बाद भी किसी को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने युवा पीढ़ी को इस पुनीत कार्य की महत्ता से अवगत कराया। वहीं, सदस्य पंकज गोयल ने बच्चों को इसके तकनीकी व मानवीय पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान कक्षा सातवीं और आठवीं के विद्यार्थियों ने पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी वैचारिक सहभागिता दर्ज की
कार्यक्रम के अंत में मंच के सचिव सोनू गोयल और सदस्य पंकज गोयल ने अपनी ओर से स्कूल को एक पानी का जार भेंट कर बच्चों के प्रति अपना स्नेह प्रकट किया
इस अवसर पर गरिमामय रूप से उपस्थित सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य श्री धरणीधर कर जी ने मंच के इस निरंतर प्रयास की पीठ थपथपाई और कहा कि ऐसे अभियानों से बच्चों में मानवीय मूल्य विकसित होते हैं
इस अभियान को सफल बनाने और बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए मंच के कोषाध्यक्ष कमल अग्रवाल एवं वरिष्ठ सदस्य दीपक अग्रवाल सहित अन्य सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे
