महासमुंद: पिथौरा लखगढ़ के पास दो ट्रकों में लगी आग, लाखों का किराना सामान खाक, जनहानि नहीं
पिथौरा: लखगढ़ में चलते ट्रक में लगी आग, दूसरा ट्रक भी चपेट में
पिथौरा। शनिवार आधी रात करीब 12 बजे लखगढ़ के पास एक बड़े हादसे में चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि सड़क किनारे खड़े दूसरे ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है
जानकारी के अनुसार आयशर ट्रक क्रमांक CG04PQ6844 में किराना सामान लदा हुआ था। चलते-चलते ट्रक में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। ट्रक में रखा पूरा किराना सामान जलकर खाक हो गया
आग की चपेट में पास में खड़ा*दूसरा ट्रक क्रमांक CG06GM6344 भी आ गया, जिसमें चावल लदा हुआ था आग लगने से दूसरे ट्रक के टायर, ऊपरी हिस्सा और चावल का कुछ हिस्सा प्रभावित हुआ है। चावल को हुए वास्तविक नुकसान का आंकलन वाहन खाली करने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा
पिथौरा में दमकल नहीं, व्यवस्था पर सवाल -
इस घटना ने पिथौरा की अग्निशमन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया गया कि पिथौरा में स्थानीय स्तर पर दमकल वाहन उपलब्ध नहीं है, आग बुझाने के लिए दूसरे स्थान से दमकल बुलानी पड़ी। आग जैसी आपात स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट सबसे अहम होते हैं। दमकल को दूसरे शहर से बुलाने में लगने वाले समय से नुकसान और बढ़ जाता है
पिथौरा में लगातार बढ़ती आबादी, बाजार, पेट्रोल पंप, हाईवे पर वाहनों की आवाजाही और व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए स्थानीय दमकल वाहन की व्यवस्था बेहद जरूरी हो गई है
बड़ा सवाल यह है कि जब पिथौरा में स्थानीय दमकल ही उपलब्ध नहीं है, तो किसी बड़ी आगजनी में राहत और बचाव कार्य कितनी तेजी से शुरू हो पाएगा? यह अब सुविधा नहीं, बल्कि जनसुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण सवाल है
